वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में करोड़ों की ठगी का खुलासा, मास्टरमाइंड कृष्ण कुमार साहू गिरफ्तार, 1.10 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी उजागर
रायगढ़ | 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। तमनार पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब तक की जांच में 10 से 15 पीड़ितों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य पीड़ित भी लगातार शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू ने वाहन खरीदी-बिक्री के कारोबार में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उनसे बार-बार पैसे लिए। जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया और इसी बहाने और रुपये ऐंठ लिए।
बाद में आरोपी ने अपनी जमीन का सौदा भी शिकायतकर्ताओं से किया, लेकिन जांच में सामने आया कि उसी जमीन की रजिस्ट्री पहले ही किसी अन्य महिला के नाम की जा चुकी थी। इस तरह आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22.40 लाख रुपये, कुल 44.40 लाख रुपये नगद और बैंक ट्रांसफर के जरिए लेकर धोखाधड़ी की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों से भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, पुलिस ने जब्त कर ली है।
रायगढ़ पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, संपत्तियों और आर्थिक लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है। आशंका है कि ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या दोनों बढ़ सकती हैं। पुलिस ने ऐसे सभी लोगों से आगे आने की अपील की है, जो आरोपी के झांसे का शिकार हुए हों।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल यादव, सहायक उप निरीक्षक सुरति लाल सिदार एवं थाना तमनार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्क विवेचना और त्वरित कार्रवाई से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के इस बड़े मामले का खुलासा हो सका, वहीं पुलिस अब आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी विस्तृत जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठगी से अर्जित अवैध संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply