कोतरारोड़ पुलिस की एक और बड़ी शराब रेड कार्रवाई: लिटाईपाली में अवैध शराब बिक्री पर छापा, 50 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 01 मई 2025 जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ग्राम लिटाईपाली में छापा मारते हुए पुलिस ने 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत कठोर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम लिटाईपाली निवासी नन्दु लाल रात्रे अपने घर के सामने सड़क किनारे बड़ी मात्रा में अवैध हाथ भट्ठी की महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन पर एसआई कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल ग्राम लिटाईपाली रवाना किया गया। पुलिस टीम ने नंदु लाल रात्रे के घर के सामने रोड किनारे घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपी नंदु लाल रात्रे पिता संतराम रात्रे, उम्र 36 वर्ष के कब्जे से मौके पर तीन नग 15-15 लीटर की प्लास्टिक डिब्बा और एक पांच लीटर की पीली प्लास्टिक जरिकेन में भरी कुल 50 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
शराब रेड कार्रवाई में एसआई कुसुम कैवर्त के साथ हेड कांस्टेबल करूणेश कुमार राय, कांस्टेबल चन्द्रेश पाण्डेय, राजेश खाण्डे, संजय एक्का एवं सुरेन्द्र भगत की अहम भूमिका रही। कोतरारोड़ पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए सराहना दी है तथा ऐसे ही निरंतर अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।












Leave a Reply