आईजी दीपक झा व एसएसपी प्रशांत ठाकुर के नेतृत्व में सूरजपुर पुलिस हुई हाईटेक — सीसीटीएनएस प्रशिक्षण की हुई शुरुआत

वर्तमान समय की जरूरत को देखते हुए सूरजपुर पुलिस के सीसीटीएनएस प्रशिक्षण का आईजी सरगुजा ने किया शुभारंभ

4

सूरजपुर। तकनीकी युग में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सूरजपुर पुलिस द्वारा सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 को सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने इस प्रशिक्षण का शुभारंभ किया।इस अवसर पर आईजी सरगुजा ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक का उपयोग हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में पुलिसिंग व्यवस्था को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ना अत्यंत आवश्यक हो गया है। सीसीटीएनएस के माध्यम से न केवल अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि जनता से जुड़ी सेवाओं में भी पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और जवानों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि वे अपराध से संबंधित प्रत्येक जानकारी—एफआईआर, केस डायरी, चार्जशीट, फाइनल रिपोर्ट, एनसीआर, सिटीजन पोर्टल आदि—को ऑनलाइन माध्यम से शीघ्रता और सटीकता के साथ दर्ज कर सकें।इस प्रशिक्षण की रूपरेखा डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे सीसीटीएनएस प्रणाली के संचालन में पूरी तरह निपुण हो सकें।

आईजी दीपक कुमार झा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि – “सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों का यह प्रशिक्षण वर्तमान समय की अनिवार्यता है। इसके माध्यम से पुलिसकर्मी विवेचना संबंधी कार्यों को सरलता से अपलोड कर सकेंगे और अपराधों के त्वरित निस्तारण में गति आएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में इसी तरह के प्रशिक्षण सत्र सरगुजा रेंज के सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि पूरे क्षेत्र में पुलिस कार्य प्रणाली को डिजिटल रूप में मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस. पैंकरा, सीसीटीएनएस प्रभारी, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण सूरजपुर पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जो न केवल तकनीकी दक्षता को बढ़ाएगी बल्कि भविष्य की स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!