पुलिस स्मृति दिवस पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित


पुलिस स्मृति दिवस पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित

शहीद स्मृति गार्डन, उर्दना में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन गरिमामय ढंग से सम्पन्न

रायगढ़, 21 अक्टूबर 2025 – उर्दना स्थित शहीद स्मृति गार्डन में आज पुलिस स्मृति दिवस समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि समाज और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि जिले के कई शहीदों के नाम पर स्टेडियम और उद्यानों का नामकरण किया जा चुका है और शेष शहीदों के नाम पर भी प्रमुख स्थलों का नामकरण किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान को जान सकें और उन्हें हमेशा याद रखें। इस अवसर पर उन्होंने शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। साथ ही, उन्होंने उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाने वाला पुलिस स्मृति दिवस, वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए दस पुलिस जवानों की स्मृति में आयोजित किया जाता है। उस दिन देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के गश्ती दल पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में दस वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। तीन सप्ताह बाद चीन ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर भारत को लौटाए, जिनका अंतिम संस्कार लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में राजकीय सम्मान के साथ किया गया था।

आज आयोजित शहीद परेड में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल द्वारा 1 सितम्बर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सभी रैंक के 191 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके उपरांत परेड कमांडर के आदेश पर शोक शस्त्र क्रिया की गई और शहीदों को भावपूर्ण सलामी दी गई। परेड की कमान रक्षित निरीक्षक अमित सिंह की अगुवाई में प्लाटून कमांडर उज्लार सिन्हा ने संभाली, जबकि दो टोलियों का नेतृत्व एएसआई नरसिंग नाथ यादव और एएसआई सुमन चौहान ने किया।

इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ अरविंद पी.एम., सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, सेनानी 6वीं वाहिनी श्रीमती निवेदिता पॉल, सीएसपी मयंक मिश्रा, उप सेनानी बृजेश तिवारी, शहीदों के परिजन एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह के दौरान भावपूर्ण परेड और शोक शस्त्र क्रिया ने उपस्थित सभी लोगों की भावनाओं को झकझोर दिया। यह आयोजन शहीदों की वीरता और देशभक्ति की याद को जीवंत रखने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।


NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!