एसएसपी शशि मोहन सिंह की जॉइनिंग के बाद सख़्त एक्शन, स्कूल छात्रा अपहरण–छेड़छाड़ मामले में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में नए एसएसपी शशि मोहन सिंह की पदस्थापना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख़्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। खासतौर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है।

महिला थाना और कोतवाली थाना की संयुक्त टीम ने स्कूल छात्रा के अपहरण और छेड़छाड़ के मामले में आरोपी शाकिब खान (24 वर्ष) निवासी पूरी बगीचा चांदमारी रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले दो वर्षों से बालिका को परेशान कर रहा था। 26 जनवरी को आरोपी ने चाकू दिखाकर छात्रा को जबरन ईको कार में बैठाया और गलत नीयत से छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू और वाहन को भी जब्त किया है।मामला एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।यह कार्रवाई नए एसएसपी की जॉइनिंग के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में डर पैदा करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!