खरसिया पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पकड़ने में की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 07 अप्रैल 2026
खरसिया में पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पकड़ने में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। चौकी खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि शहर में एक किशोर मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर मोबाइल के माध्यम से सट्टा नोट कर रहा है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल अस्पताल मेन रोड के सामने घेराबंदी कर संदेही को धर दबोचा।
जांच और तलाशी में किशोर के कब्जे से दो मोबाइल फोन (रियलमी 71 और सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा) बरामद हुए। मोबाइल की जांच में पाया गया कि व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सट्टा लेन-देन, फोनपे लिंक और सट्टा आईडी-पासवर्ड से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं।
पुलिस पूछताछ में किशोर ने स्वीकार किया कि उसने सट्टा लिखने का काम खाईवाल रवि राठौर द्वारा उपलब्ध कराए गए आईडी-पासवर्ड से किया। मौके से ₹3,300 नगद और हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जप्त की गई। संदेही की उम्र 17 वर्ष और 6 माह पाई गई। किशोर के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई।
मुख्य आरोपी रवि राठौर फरार है और उसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई उदय सिंह सिदार, आरक्षक शाविल चंद्रा, किशोर राठौर, सिदार सिंह और मुकेश यादव की अहम भूमिका रही।
जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹1,13,000 आंकी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा
“ऑपरेशन अंकुश के तहत जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोग कानून के तहत किसी भी स्थिति में नहीं बख्शे जाएंगे।”
खरसिया पुलिस की सतत कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि सट्टा और जुआ के किसी भी अवैध कारोबार पर जिले में जीरो टॉलरेंस लागू है।













Leave a Reply