रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत लैलूंगा पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है , वर्ष 2019 के आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में पिछले 7 साल से फरार चल रहे आरोपी जदुमणी पैकरा (42) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।मामला 12 मार्च 2019 का है, जब लैलूंगा थाना क्षेत्र के किलकिला गांव में रहने वाले राजकुमार पैंकरा ने अपने पुत्र प्रकाश पैंकरा (22) की आत्महत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच में सामने आया कि प्रकाश एक युवती के साथ रह रहा था, जिसे लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई, उसके हाथ बांधकर उसे प्रताड़ित किया गया और उस पर जुर्माना भी लगाया गया। इस घटना से आहत होकर युवक ने घर लौटकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।जांच के बाद पुलिस ने मामले में धारा 306 के तहत अपराध दर्ज किया और शुरुआती कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कई आरोपी फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों के खिलाफ धारा 173(8) के तहत पूरक चालान पेश किया गया था।इसी बीच “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की दोबारा पतासाजी शुरू की गई। लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी जदुमणी पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 22 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी भी गोपाल यादव, करमचंद पैकरा, सजन पैकरा, पहलवान पैकरा, उसत पैकरा और जमुनाडिहा फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
जिले के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।













Leave a Reply