ऑपरेशन शंखनाद घने जंगल में रातभर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, तस्करों के चंगुल से 20 गौवंश मुक्त
अजगर और जहरीले सांपों के बीच जान जोखिम में डालकर पहुंची लैलूंगा पुलिस, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
रायगढ़, 19 जून 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने एक साहसिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई गुरुवार रात ग्राम कमरगा के घने जंगलों में की गई, जहां तस्कर मवेशियों को पैदल हांकते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के दौरान एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में ये कार्यवाही हुई पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गौवंशों को मारते-पीटते जंगल के रास्ते बूचड़खाने ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
ग्रामीणों ने जताया डर, फिर भी नहीं रुकी पुलिस
पुलिस टीम जब ग्राम कमरगा पहुंची तो ग्रामीणों से पूछताछ कर उन्हें गवाह के रूप में साथ चलने का आग्रह किया गया। हालांकि ग्रामीणों ने रात के समय जंगल में अजगर और जहरीले सांपों के निकलने का हवाला देकर जाने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने उन्हें समझाइश देकर साथ लिया और घने जंगल के भीतर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अजगर से सामना, फिर भी जारी रखा अभियान
रात के अंधेरे और दुर्गम जंगल के बीच पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की। अभियान के दौरान टीम का सामना एक विशाल अजगर से भी हुआ, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए ऑपरेशन जारी रखा। आखिरकार पुलिस टीम उस स्थान तक पहुंचने में सफल रही जहां 20 गौवंश लावारिस अवस्था में मिले।
मौके पर गाय, बछिया और बछड़े सहित कुल 20 गौवंश मौजूद थे। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
कोई मालिक नहीं आया सामने, गौवंश गौशाला भेजे गए
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मवेशियों के मालिकों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति दावा करने सामने नहीं आया। इसके बाद गवाह कन्हैयालाल चौहान और ग्राम कोटवार गणेश राम चौहान की उपस्थिति में धारा 106 बीएनएसएस के तहत विधिवत कार्रवाई कर सभी 20 गौवंशों को जप्त किया गया।
जप्त किए गए गौवंशों को सुरक्षित देखभाल के लिए सलखिया गौशाला के अध्यक्ष जोगीराम भोय को अस्थायी सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।
तस्करों की तलाश जारी
लैलूंगा पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Police Role
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर नाथ सिंह पैंकरा, प्रधान आरक्षक जयशरण चंद्रा, आरक्षक शशिभूषण साहू, आरक्षक सोहन यादव ,विकास तिर्की और सुमीत एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“गौवंश तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रायगढ़ पुलिस ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के माध्यम से ऐसे अपराधों पर लगातार प्रहार कर रही है। विषम परिस्थितियों में भी साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्रवाई करने वाली लैलूंगा पुलिस टीम सराहना की पात्र है।” — शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply