सरगुजा पुलिस की बड़ी सफलता : 129 गुम मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए, करीब 31 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

सरगुजा पुलिस की बड़ी सफलता : 129 गुम मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए, करीब 31 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

अंबिकापुर | 20 जुलाई 2026। सरगुजा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के विशेष अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर सेल अंबिकापुर एवं जिले के समस्त थाना/चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने पिछले पांच महीनों के दौरान 129 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस लाइन अंबिकापुर स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल वितरित किए।विशेष अभियान के तहत मिली बड़ी सफलताजिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में लगातार गुम मोबाइल से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे थे। इन आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में साइबर सेल तथा जिले के समस्त थाना/चौकी पुलिस ने सर्विलांस तकनीक एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए पिछले पांच महीनों में 129 गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया और उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया।

फरवरी 2026 में भी लौटाए गए थे 525 मोबाइल

इससे पहले भी सरगुजा पुलिस ने फरवरी 2026 में विशेष अभियान चलाकर 525 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया था। लगातार सफल हो रहे इस अभियान की आम नागरिकों ने सराहना करते हुए पुलिस की तकनीकी दक्षता, समन्वय एवं सतत प्रयासों की प्रशंसा की।

मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे लोग, पुलिस ने लौटाई मुस्कान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि अधिकांश लोग मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन सरगुजा पुलिस के सामूहिक प्रयासों से गुम मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल एवं उसमें सुरक्षित निजी जानकारियों को सुरक्षित रखें, क्योंकि मोबाइल में बैंकिंग, व्यक्तिगत एवं अन्य गोपनीय जानकारी रहती है, जिसका दुरुपयोग कर साइबर अपराधी ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।

POLICE’ की-वर्ड से समझाया साइबर सुरक्षा का मंत्र – Password (पासवर्ड): आज की डिजिटल दुनिया में पासवर्ड आपकी ऑनलाइन सुरक्षा की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। मजबूत एवं सुरक्षित पासवर्ड रखें, किसी के साथ साझा न करें तथा समय-समय पर बदलते रहें।

OTP (वन टाइम पासवर्ड): किसी भी परिस्थिति में OTP किसी के साथ साझा न करें। बैंक, पुलिस या कोई भी सरकारी संस्था फोन पर OTP नहीं मांगती।

Link (लिंक): किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। फर्जी वेबसाइटों एवं लिंक के माध्यम से साइबर अपराधी आपकी निजी जानकारी चुरा सकते हैं।

Identification (पहचान): आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखें। इन्हें सोशल मीडिया पर साझा न करें और किसी दुकान या अन्य स्थान पर इनकी मूल प्रति या छायाप्रति अनावश्यक रूप से न छोड़ें।

Careful (सावधान): अपनी बैंकिंग जानकारी, एटीएम कार्ड, सिम, पासबुक एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें तथा किसी भी लालच में आकर साइबर अपराध का हिस्सा न बनें।

Emergency (आपातकाल): ऑनलाइन ठगी या बैंकिंग फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें तथा निकटतम पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत मिलने पर पुलिस पीड़ित की राशि बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई कर सकती है।

राहवीर योजना की भी दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को राहवीर योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। सहायता करने वाले व्यक्ति को एक माह के भीतर यह राशि उपलब्ध कराई जाती है।

अवैध प्रवासियों की सूचना देने की अपील

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के अवैध प्रवासी होने की जानकारी या संदेह हो तो इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। इसके अलावा सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 अथवा डायल-112 पर भी सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील

पुलिस ने बताया कि जिन नागरिकों के मोबाइल वापस मिले, उन्होंने थाना-चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ भारत सरकार के CEIR पोर्टल (https://www.ceir.gov.in) पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकांश मोबाइल बाजार, सब्जी मंडी, चौक-चौराहों, यात्रा के दौरान तथा मंदिरों के आसपास गुम हुए थे। सर्विलांस तकनीक एवं डिजिटल माध्यमों की सहायता से इन मोबाइलों को ट्रैक कर उनके मालिकों तक पहुंचाया गया।

सरगुजा पुलिस ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत अवश्य दर्ज करें।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, अमित विश्वकर्मा, रिंकू गुप्ता, अशोक यादव, वीरेंद्र पैकरा, उमाशंकर साहू, रमेश राजवाड़े एवं राहुल केरकेट्टा सहित साइबर सेल एवं जिले के समस्त थाना-चौकी का पुलिस बल उपस्थित रहा।

भविष्य में भी चलेगा अभियान

सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए जा सकें और आम जनता को त्वरित राहत मिलती रहे।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!