सेवा से स्वास्थ्य तक: विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन का जनजागृति अभियान”
20 अप्रैल को कोटा मस्जिद परिसर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
रायपुर। गर्मी की दस्तक के साथ मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है, और ऐसे समय में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर सीधा प्रभाव पड़ता है। मौसम के इस संक्रमण काल में वायरल बुखार, पीलिया, ब्लड प्रेशर, डाइबिटीज़ और नेत्र संबंधी समस्याओं के बढ़ने की संभावना रहती है। इसी के मद्देनज़र समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन, छत्तीसगढ़ द्वारा 20 अप्रैल (रविवार) को कोटा मस्जिद परिसर, रायपुर में एक विशाल एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर समाज के हर वर्ग के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगा, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित लोगों को प्राथमिक जांच एवं परामर्श का अवसर प्राप्त होगा।
इस स्वास्थ्य शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर एवं नेत्र परीक्षण जैसे आवश्यक परीक्षण अनुभवी डॉक्टरों की निगरानी में किए जाएंगे। शिविर की विशेषता यह है कि इसमें महिला रोग विशेषज्ञा की भी उपस्थिति रहेगी, ताकि महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर साझा कर सकें और समुचित परामर्श प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त, मौसम जनित रोगों से बच्चों को सुरक्षित रखने हेतु होम्योपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा। बदलते मौसम में खासकर बच्चों में छोटी माता (चिकनपॉक्स) और पीलिया जैसे संक्रमण तेजी से फैलते हैं, जिनसे बचाव हेतु यह सेवा अत्यंत लाभकारी होगी।
इस स्वास्थ्य शिविर की जानकारी विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन के अध्यक्ष डॉ. सतीश दीवान ने दी। उन्होंने बताया कि संगठन वर्षों से निःस्वार्थ भाव से स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है। यह शिविर केवल चिकित्सा सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि एक जन-जागरूकता अभियान है, जो लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने का कार्य करेगा। संगठन का यह प्रयास दर्शाता है कि यदि समाज संगठित होकर कार्य करे तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी जनसेवा संभव है। ऐसे आयोजनों से यह स्पष्ट होता है कि सेवा भाव, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सकता है!
सेवा से स्वास्थ्य तक: विप्र स्वास्थ्यसेवा संगठन का जनजागृति अभियान













Leave a Reply