खरसिया पुलिस की संवेदनशील पहल: सिटी चौकी में ठंडे पानी के 4 मटके, राहगीरों को मिल रही राहत

खरसिया पुलिस की संवेदनशील पहल: सिटी चौकी में ठंडे पानी के 4 मटके, राहगीरों को मिल रही राहत

खरसिया। भीषण गर्मी के बीच खरसिया सिटी पुलिस चौकी ने एक सराहनीय और मानवीय पहल करते हुए आम लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की है। चौकी परिसर में छांव के नीचे चार बड़े मटकों में ठंडा पानी रखा गया है, जिससे राहगीरों, फरियादियों और आसपास के लोगों को राहत मिल रही है।

तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच जहां लोग पानी के लिए परेशान होते हैं, वहीं पुलिस की यह पहल लोगों के लिए किसी राहत केंद्र से कम नहीं है। चौकी में आने वाले लोग अपनी प्यास बुझा रहे हैं और पुलिस के इस प्रयास की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं।

एसडीओपी प्रभात पटेल ने भी पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा—“खरसिया पुलिस आमजन की सुविधा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। इस तरह की छोटी-छोटी पहलें पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करती हैं। साथ ही हमारी टीम हर सूचना पर तत्परता से कार्रवाई कर रही है और क्षेत्र में लगातार गश्त कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए हुए है।”

सिटी चौकी प्रभारी (TI) त्रिनाथ त्रिपाठी ने इस पहल को लेकर कहा—“गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत देना हमारी जिम्मेदारी है। पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा भी हमारी प्राथमिकता है। चौकी में आने वाले हर व्यक्ति को बुनियादी सुविधा मिले, यही हमारा प्रयास है। आगे भी इस तरह की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।”

खासतौर पर यह भी देखा जा रहा है कि खरसिया पुलिस के आरक्षक हर सूचना पर समय पर मौके पर पहुंचते हैं और क्षेत्र में नियमित गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखते हैं। दिन हो या रात, पुलिस की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे आमजन में भरोसा बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर पुलिस को सख्ती के रूप में देखा जाता है, लेकिन इस तरह की पहल और सक्रियता यह दिखाती है कि पुलिस आमजन की जरूरतों और परेशानियों को भी उतनी ही संवेदनशीलता से समझती है। यह कदम न सिर्फ सेवा भाव का उदाहरण है, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करता है।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि गर्मी को देखते हुए यह व्यवस्था लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे। छोटी-सी यह पहल बड़े संदेश के साथ सामने आई है,पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि इंसानियत की भी जिम्मेदारी निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!