भेलवाडीह की बेटियों का परचम: तीन बहनों ने एक साथ पहनी वर्दी, खरसिया अंचल में गर्व की लहर
रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक का गांव भेलवाडीह आज सिर्फ एक गांव नहीं रहा, बल्कि यह नाम अब मेहनत, हौसले और बेटियों की ताकत का प्रतीक बन गया है। SSC GD कांस्टेबल भर्ती 2025 के परिणामों में गांव की तीन सगी बहनों ने एक साथ सफलता हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित कर दिया है।
कविता, उर्वशी और ऋतु चंद्रा—इन तीनों बेटियों ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य साफ हो और जिद सच्ची हो, तो रास्ते खुद बनते चले जाते हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद इन बहनों ने अपनी तैयारी जारी रखी और आज वर्दी पहनने के सपने को हकीकत में बदल दिया।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार सुकलाल चंद्रा की पुत्रियां उर्वशी चंद्रा (25 वर्ष) और ऋतु चंद्रा (22 वर्ष) का चयन केंद्रीय बलों में हुआ है, जिसमें ऋतु को BSF में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, इसी परिवार की कविता चंद्रा (22 वर्ष)—पिता बुधराम चंद्रा—ने CRPF में चयन पाकर गांव का नाम रोशन किया है।
परिणाम आते ही भेलवाडीह गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। मिठाइयां बंटी, बधाइयों का तांता लगा और हर जुबान पर इन बेटियों की मेहनत की चर्चा रही। लोगों का कहना है कि यह सफलता सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे ग्रामीण समाज की उम्मीदों की जीत है।
खरसिया विधायक उमेश पटेल ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बेटियों को दूरभाष के माध्यम से बधाई दी एवं बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटियों का इस तरह वर्दी में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। यह सफलता आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने का साहस देगी।
अब ये तीनों बहनें जल्द ही ट्रेनिंग के लिए रवाना होंगी और आने वाले समय में देश की सीमाओं पर तैनात होकर छत्तीसगढ़, रायगढ़ और खरसिया अंचल का मान बढ़ाएंगी।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply