शासकीय जमीन के फर्जी अंतरण मामले में एक और गिरफ्तारी, रजिस्ट्री गवाह अगस्तुस खलखो गिरफ्तार

शासकीय जमीन के फर्जी अंतरण मामले में एक और गिरफ्तारी, रजिस्ट्री गवाह अगस्तुस खलखो गिरफ्तार

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस की कार्रवाई, तत्कालीन पटवारी राकेश साय के बाद अब रजिस्ट्री में गवाह रहे आरोपी पर शिकंजा

रायगढ़। शासकीय भूमि के कथित फर्जी अंतरण और कूटरचित दस्तावेजों के मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री में अनुप्रमाणक साक्षी रहे अगस्तुस खलखो (43), निवासी पोराडाही, थाना धरमजयगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि से जुड़ा है। 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल की रिपोर्ट पर थाना कापू में मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि के खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख और 310/10/2 सहित अन्य भूमि में कथित तौर पर कूटरचना कर खसरा बंटाकन और रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया।

इसके बाद बाहरी व्यक्तियों के नाम पर कथित फर्जी पट्टे तैयार कर दलालों के माध्यम से भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने की बात जांच में सामने आई।

पुलिस जांच के अनुसार, शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किए जाने और बाद में कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अन्य व्यक्तियों को अंतरित किए जाने की जानकारी मिली।

मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, विक्रेता उजितराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

एसडीएम धरमजयगढ़ के निर्देश और तहसीलदार कापू के जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

इस मामले में कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45) को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे।इसके बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी क्रम में अगस्तुस खलखो, पिता अलोइस छंदू खलखो, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी के कहने पर इस मामले में शामिल हुआ था।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर 20 अक्टूबर 2022 को रजिस्ट्री कार्यालय धरमजयगढ़ में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी और लालबहादुर यादव के साथ उपस्थित होकर आधार कार्ड जमा करने तथा रजिस्ट्री दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की है।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है। विवेचना के दौरान अगस्तुस खलखो के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस की विवेचना भी आगे बढ़ रही है.

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!