नगर निगम का बाबू 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB के ट्रैप में फंसा सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी
बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम बिलासपुर के संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी कर्मचारी पर मकान के लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया जल्द कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर, बिलासपुर निवासी अजीत शुक्ला ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने राजकिशोर नगर स्थित श्रीमती सुमन शुक्ला के मकान को खरीदने के लिए सौदा किया था। उक्त मकान का लीज समाप्त हो चुका था, जिसके कारण रजिस्ट्री से पहले लीज का नवीनीकरण कराया जाना आवश्यक था।
बताया गया कि मकान के विक्रेता की ओर से लीज नवीनीकरण के लिए आवेदन तैयार कर जुलाई 2026 में नगर निगम बिलासपुर में प्रस्तुत किया गया था। आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और काम जल्द कराने के लिए शिकायतकर्ता जब नगर निगम कार्यालय पहुंचे, तब संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 लक्ष्मीकांत कोका द्वारा कथित रूप से 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई।शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर आरोपी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई।
इसके बाद ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
इसी कड़ी में 25 सितंबर 2026 को ACB बिलासपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान नगर निगम बिलासपुर के संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।ACB की कार्रवाई के बाद आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 के प्रावधानों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से नगर निगम कार्यालय में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी। ACB की ट्रैप कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच और वैधानिक प्रक्रिया जारी है।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply