रायपुर की बैठक पर सवाल, बिलासपुर के फिल्मकार अखिलेश पांडे ने उठाई आवाज
हाल ही में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा रायपुर में फिल्म निर्माता एवं निर्देशकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लेकिन इस बैठक को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि बैठक में केवल रायपुर के चुनिंदा निर्माताओं-निर्देशकों को ही आमंत्रित किया गया, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के फिल्मकारों को इसकी सूचना तक नहीं दी गई।
इसी मुद्दे को लेकर बिलासपुर के निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता अखिलेश पांडे ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 150 से अधिक निर्माता-निर्देशक सक्रिय हैं, लेकिन विभागीय बैठकों में बार-बार केवल गिने-चुने नामों को ही प्राथमिकता दी जाती है।
अखिलेश पांडे ने छत्तीसगढ़ की फिल्म नीति के प्रभावी क्रियान्वयन का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि यदि फिल्म पॉलिसी को तत्काल लागू किया जाए तो प्रदेश में फिल्म निर्माण को नई गति मिल सकती है, स्थानीय कलाकारों को अवसर मिलेंगे और छत्तीसगढ़ी सिनेमा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि फिल्म नीति को जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के लोकल कलाकारों और निर्माताओं को व्यापक लाभ मिल सके।अब देखने वाली बात यह होगी कि यह आश्वासन जमीन पर कब उतरता है।







Leave a Reply