रायगढ़ में नौकरी के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र से खुला बड़ा फर्जीवाड़ा
आरोपी जशपुर से गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
रायगढ़। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर की संविदा नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवती से कुल 3 लाख 38 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जिला जशपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोतरा निवासी कुमारी पदिमनी यादव (27) ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी भतीजी के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी हरीश मिश्रा से हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग तारीखों में 9 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच नकद और फोन-पे के जरिए कुल रकम ले ली।
लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का एक नियुक्ति पत्र पीड़िता को सौंप दिया। जब पीड़िता ने इस पत्र की जांच कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ में कराई तो वह पूरी तरह फर्जी पाया गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
शिकायत के आधार पर थाना कोतरारोड़ में अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने लगातार दबिश देकर आरोपी को जशपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रकम प्राप्त कर खर्च कर दी है और फर्जी नियुक्ति पत्र अपने साइबर कैफे से तैयार कर पीड़िता को दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य पद पर कार्यरत रह चुका है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, थाना प्रभारी कोतरारोड़, आरक्षक बलराम साहू और अजय साय की अहम भूमिका रही। वहीं जशपुर पुलिस की टीम ने भी सहयोग प्रदान किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने या भर्ती के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति पर भरोसा न करें और केवल सरकारी अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ














Leave a Reply