बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन सेवाओं को पहले से अधिक तेज, प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
जिले में नेक्स्ट जेन इमरजेंसी डायल-112 सेवा की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत आधुनिक तकनीक और उन्नत सुरक्षा उपकरणों से लैस 10 हाईटेक डायल-112 वाहनों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जो अब 24 घंटे आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सक्रिय रहेंगे।

राज्य शासन की महत्वाकांक्षी जनसुरक्षा योजना के तहत शुरू की गई इस सेवा का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना है।
सड़क दुर्घटना, आगजनी, महिला सुरक्षा, घरेलू विवाद, चोरी, मारपीट, स्वास्थ्य आपातकाल और अन्य संकट की स्थितियों में अब नागरिक सिर्फ 112 नंबर डायल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
दरअसल, 18 मई 2026 को रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए 400 आधुनिक डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित राज्य के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शुरू हुई इस नई व्यवस्था को प्रदेश में जनसुरक्षा के लिए बड़ी पहल माना जा रहा है। इसी क्रम में अब बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी इस हाईटेक सेवा का विस्तार किया गया है।जिला पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने 10 इमरजेंसी डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वहीं सरगुजा सांसद चितामणी महाराज ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और इस सेवा को आमजन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि डायल-112 सेवा के जरिए प्राप्त हर सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाएगी, ताकि पीड़ित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंच सके।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सेवा जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेगी।
खासतौर पर दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को अब आपात स्थिति में पहले से अधिक तेज मदद मिल पाएगी। नई डायल-112 सेवा के माध्यम से पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक मजबूत और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संकट या आपात स्थिति में बिना घबराए 112 नंबर पर कॉल करें और तत्काल सहायता प्राप्त करें। साथ ही लोगों से यह भी आग्रह किया गया है कि फर्जी या अनावश्यक कॉल करने से बचें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम में जिला वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply