तिरंगा यात्रा को लेकर नगर पालिका और प्रशासन की तैयारी तेज, 13 अगस्त को अग्रसेन चौक से निकलेगी भव्य यात्रा

तिरंगा यात्रा को लेकर नगर पालिका और प्रशासन की तैयारी तेज, 13 अगस्त को अग्रसेन चौक से निकलेगी भव्य यात्रा

खरसिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर नगर पालिका एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में आयोजित बैठक में तिरंगा यात्रा से लेकर 15 अगस्त के मुख्य समारोह तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, CMO नीतू अग्रवाल, SDM प्रवीण भगत,सिटी थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित मीडिया,वार्ड पार्षद, स्कूल प्रमुख, शिक्षक, प्रशासनिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।,

13 अगस्त को दोपहर 2 बजे निकलेगी तिरंगा यात्रा

तय कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त, गुरुवार को दोपहर 2 बजे अग्रसेन चौक स्थित नवीन प्राथमिक शाला परिसर से तिरंगा यात्रा शुरू होगी। यात्रा अग्रसेन चौक से स्टेशन चौक, पुत्री शाला रोड होते हुए टाउनहॉल पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

बैठक में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को यात्रा से जोड़ने पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों, महिलाओं, NCC कैडेट्स, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

देशभक्ति गीत ही बजेंगे, तिरंगे की गरिमा का रखें ध्यान

SDM प्रवीण भगत ने तिरंगा यात्रा के दौरान केवल देशभक्ति गीत बजाने के निर्देश दिए। किसी अन्य प्रकार के गाने नहीं बजाए जाएंगे। यात्रा में दो DJ की व्यवस्था, मार्ग में फूलों से स्वागत और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले सभी लोगों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखने की अपील की। सभी प्रतिभागियों से तिरंगा लेकर अनुशासित तरीके से यात्रा में शामिल होने को कहा गया।

स्कूलों से लेकर NCC कैडेट्स तक की होगी भागीदारी

बैठक में 15 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर स्कूलों की सहभागिता पर भी चर्चा हुई। विभिन्न स्कूलों से शामिल होने वाले बच्चों की संख्या की जानकारी ली गई। झांकियों, फैंसी ड्रेस, NCC कैडेट्स, विद्यार्थियों के मार्च पास्ट सहित अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई।

स्कूल प्रभारियों को बच्चों की भागीदारी, अनुशासन और कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सफाई और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस

नगर पालिका को तिरंगा यात्रा के मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। CMO नीतू अग्रवाल को आवश्यक व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करने के साथ स्कूलों में बच्चों को डस्टबिन के उपयोग और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

स्टेशन चौक पर पेयजल व्यवस्था करने के साथ ही टाउनहॉल में बच्चों के लिए चाय-बिस्किट की व्यवस्था करने को कहा गया है। लायंस क्लब की ओर से दीपक मेडिकल चौक क्षेत्र में नाश्ते की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

पुलिस संभालेगी सुरक्षा, ड्रोन से होगी वीडियोग्राफी

तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी प्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। 35 क्वार्टर क्षेत्र सहित चौकी और थाना स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी निर्देश दिए गए।

यात्रा की ड्रोन से वीडियोग्राफी कराए जाने की तैयारी है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

महिलाओं और आम नागरिकों को जोड़ने पर जोर

बैठक में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। वार्ड स्तर पर महिला समितियों को पत्र जारी करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को तिरंगा यात्रा से जोड़ने की बात कही गई। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि आंगनबाड़ी से संबंधित 16 में से 5 प्रस्तावों को स्वीकृति प्राप्त हुई है।

PWD सहित अन्य विभागों को भी 15 अगस्त के कार्यक्रम से संबंधित जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका और प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों, स्कूलों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है। 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे अग्रसेन चौक से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा स्टेशन चौक और पुत्री शाला रोड होते हुए टाउनहॉल पहुंचेगी। प्रशासन ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होने और देशभक्ति के इस आयोजन को भव्य बनाने की अपील की है।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!