विश्व आदिवासी दिवस पर गारे पेलमा-2 कोलियरीज लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन का आयोजन

विश्व आदिवासी दिवस पर गारे पेलमा-2 कोलियरीज लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन का आयोजन

20 गांवों के 500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, ‘बिरहोर’ पत्रिका का विमोचन; बिरहोर समुदाय के 12 सदस्य सम्मानित

रायगढ़, 11 अगस्त 2026। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर तमनार स्थित महाजेनको की गारे पेलमा-2 कोलियरीज लिमिटेड ने अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से आश्रित ग्राम मुड़ागांव (सराईटोला) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजन में आसपास के करीब 20 गांवों से 500 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं, लोककला और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में आदिवासी समाज, तहसील तमनार के अध्यक्ष चक्रधर सिंह राठिया और जनपद सदस्य नंदिनी मनोज राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इसके अलावा विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

17 छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

आत्मानंद शासकीय विद्यालय कुंजेमुरा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय सराईटोला और शासकीय प्राथमिक विद्यालय मुड़ागांव की 17 छात्राओं ने आदिवासी लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के जरिए आदिवासी समाज की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

‘बिरहोर’ पत्रिका बनी आयोजन का प्रमुख आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘बिरहोर’ पत्रिका का विमोचन रहा। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का लोकार्पण किया। तमनार की सीएसआर टीम ने करीब 25 से 30 दिनों के शोध और दस्तावेजीकरण के बाद 16 पृष्ठीय पत्रिका तैयार की है, जिसकी 150 प्रतियां प्रकाशित की गई हैं।

पत्रिका में बिरहोर समुदाय की सभ्यता, संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली, रहन-सहन, खान-पान और सामाजिक विरासत को संकलित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह प्रयास बिरहोर समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

बिरहोर समुदाय के 12 सदस्य सम्मानित

इस अवसर पर बिरहोर समुदाय के 12 सदस्यों को उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अदाणी फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नागरिकों को स्मृति चिह्न भी प्रदान किए गए।

अदाणी फाउंडेशन की ओर से तमनार क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। फाउंडेशन के सहयोग से विद्यार्थियों का एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और उत्कर्ष विद्यालय जैसे संस्थानों में चयन होने की जानकारी दी गई। वहीं मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट और आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं और सामुदायिक विरासत के संरक्षण एवं सम्मान के संदेश को मजबूत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को भी बढ़ावा देते हैं।


विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मुड़ागांव (सराईटोला) में आयोजित कार्यक्रम में ‘बिरहोर’ पत्रिका का विमोचन करते अतिथि एवं उपस्थित ग्रामीण।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!