आदर्श ग्राम फूलबंधिया में ‘सतनाम भवन’ का भव्य लोकार्पण — सामाजिक विकास की नई इबारत लिखने की ओर कदम
खरसिया (रायगढ़)। आदर्श ग्राम फूलबंधिया में रविवार, 16 नवंबर 2025 को नव-निर्मित सतनाम भवन का बहुप्रतीक्षित शुभारंभ अत्यंत उत्साह और सामुदायिक एकता के अद्भुत माहौल में सम्पन्न हुआ। ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाया, जो आने वाले वर्षों में समाजिक उन्नति का केंद्र बनने जा रहा है।
मुख्य अतिथि उमेश नंदकुमार पटेल (विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री) ने भवन के मुख्य द्वार पर फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात गुरु घासीदास बाबा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सभा में अतिथियों का पुष्पहार से अभिनंदन किया गया, जिससे स्थल का वातावरण सम्मान और सौहार्द से भर उठा।
अपने ऊर्जावान उद्बोधन में श्री पटेल ने कहा कि “सतनाम भवन अब गांव की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास की दिशा में उठाया गया प्रभावी कदम है।”उन्होंने अपने द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की और भविष्य में ग्राम एवं समाज हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भोजराम दीपक और युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष तोरन लक्ष्मी ने की। वहीं मंच पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे राकेश नारायण बंजारे (प्रदेश प्रवक्ता, साहित्य प्रकोष्ठ एवं संगठन जिला प्रवक्ता, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज), देव कुमार डनसेना (जनपद पंचायत सदस्य),श्रीमती अहिल्या संतलाल राठिया (सरपंच, ग्राम पंचायत पंडरीपानी)साथ ही सतनामी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी व क्षेत्रभर के गणमान्यजन।
अतिथियों ने सतनाम भवन को “समाज विकास की दिशा में मील का पत्थर” बताते हुए कहा कि यह भवन आने वाले समय में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का संबल बनेगा।सभा स्थल पर खरसिया क्षेत्र के लगभग सौ से अधिक सक्रिय पदाधिकारियों एवं समाजजनों के नामों की भव्य फ्लेक्सी प्रदर्शित की गई, जिसे सभी ने सराहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज एवं ग्राम पंचायत पंडरीपानी द्वारा सभी अतिथियों, समाजजनों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।















Leave a Reply