अनमोल को मिलेगी नई ज़िंदगी, हेल्पिंग हैंड्स क्लब ने लिया जिम्मा
सोमवार सुबह जनशताब्दी से रायपुर होंगे रवाना, बालाजी हॉस्पिटल में होगा इलाज
खरसिया।खरसिया के तरियां पार क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय अनमोल, जो अपने मोहल्ले में हमेशा चंचल, हंसमुख और होशियार बच्चे के रूप में जाना जाता था, उसकी जिंदगी उस वक्त अचानक थम-सी गई जब एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। बताया गया कि घर में अनजाने में पिता से लगे धक्के के कारण दरवाजे से टकराने पर उसके ब्रेन में गंभीर चोट आई, जिसके बाद धीरे-धीरे उसका शरीर काम करना बंद करने लगा।आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण परिवार के सामने इलाज तो दूर, दो वक्त के भोजन का संकट भी खड़ा हो गया।
ऐसे कठिन समय में गौ सेवक राकेश केशरवानी बच्चे को लेकर डॉ. दिलेश्वर पटेल के पास पहुँचे, जहाँ डॉ. पटेल ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए निःशुल्क सभी आवश्यक जांच और प्राथमिक उपचार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. दिलेश्वर पटेल ने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और बताया कि परिवार के पास इलाज के लिए एक रुपया तक उपलब्ध नहीं है तथा बच्चे को बड़े अस्पताल में इलाज की आवश्यकता है।इस पर प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा—”पैसों की वजह से बच्चे को कुछ नहीं होने देंगे।”रविवार को स्वयं अंकित अग्रवाल, राकेश केशरवानी और डॉ. दिलेश्वर पटेल बच्चे के घर पहुँचे और जनशताब्दी एक्सप्रेस की टिकट, खाने-पीने का सामान, जरूरी दवाइयाँ व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए पूरी तैयारी करवाई।
सोमवार सुबह अनमोल को रायपुर रवाना किया जाएगा, जहाँ हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के पदाधिकारी परिवार की तरह उसकी देखभाल करेंगे और बालाजी हॉस्पिटल में उसका समुचित इलाज कराया जाएगा। इस दौरान बच्चे के परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
संस्था के संरक्षक मनोज गोयल एवं उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा ने कहा कि”हेल्पिंग हैंड्स क्लब हमेशा मानव सेवा के लिए तत्पर रहा है और अनुपम इस परिवार का हिस्सा है।”रायपुर में इलाज के दौरान संरक्षक रमेश अग्रवाल, महिला विंग अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, सचिव भारती मोदी, उपाध्यक्ष सुनीता पांडे, विवेक श्रीवास्तव, अमित केडिया सहित संस्था के सभी सदस्य अस्पताल में मौजूद रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने यह भी आश्वासन दिया कि”अनुपम की उच्च स्तरीय शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए भी हेल्पिंग हैंड्स क्लब आगे भी साथ खड़ा रहेगा।”इस मानवीय पहल के लिए पूरे मोहल्ले एवं क्षेत्रवासियों ने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।













Leave a Reply