ऑपरेशन मुस्कान से रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, जनवरी में 56 गुम इंसान सकुशल मिले

ऑपरेशन मुस्कान से रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, जनवरी में 56 गुम इंसान सकुशल मिले

रायगढ़ | 3 फरवरी 2026रायगढ़ जिले में गुम इंसानों और नाबालिगों की तलाश को लेकर चलाया जा रहा ऑपरेशन मुस्कान अब भरोसे की पहचान बनता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जनवरी माह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दर्ज 59 गुम इंसानों में से 56 को पुलिस ने खोज निकालकर परिजनों से मिलाया, जिससे कई परिवारों में लंबे समय बाद खुशियां लौटी हैं।

जनवरी माह में 16 नाबालिगों के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिनमें से 14 नाबालिगों को त्वरित और सतत पुलिस कार्रवाई के माध्यम से सुरक्षित बरामद किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि कुछ मामलों में नाबालिग परिजनों से नाराज होकर घर छोड़कर गए थे, जबकि कुछ मामलों में शादी का झांसा देकर उन्हें बहला-फुसलाकर भगाया गया। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।

बीते दो दिनों में चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, पुसौर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्रों में गुम नाबालिगों की सफल बरामदगी की गई। इनमें सबसे महत्वपूर्ण मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का रहा, जहां करीब 8 वर्षों से लापता एक बालक को महाराष्ट्र के सतारा से दस्तयाब कर पुलिस टीम ने परिजनों के सुपुर्द किया। बालक की सुरक्षित वापसी से परिवार भावुक हो उठा और पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हुई।

वहीं चक्रधरनगर और धरमजयगढ़ क्षेत्रों में नाबालिग बालिकाओं को शादी के प्रलोभन में भगाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि पुसौर क्षेत्र में परिजनों से नाराज होकर सहेली के घर गई बालिका को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा गया।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गुम नाबालिगों और गुम इंसानों की तलाश पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों से संवाद बनाए रखें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और सोशल मीडिया संपर्कों की निगरानी करें।

एसएसपी ने दो टूक कहा कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी और दोषियों को त्वरित कार्रवाई कर कठोर सजा दिलाई जाएगी।

ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से रायगढ़ पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि संवेदनशील मामलों में संवेदना, सतर्कता और सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि हर गुमशुदा अपने परिवार तक सुरक्षित लौट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!