⚡ सिंघीतराई विद्युत संयंत्र हादसा: प्रबंधन का बयान आया सामने, जांच समिति गठित
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित 600 मेगावॉट विद्युत संयंत्र में मंगलवार दोपहर हुए हादसे को लेकर अब संयंत्र प्रबंधन का आधिकारिक बयान सामने आया है। प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रभावित कर्मचारियों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
प्रवक्ता के अनुसार, यह दुर्घटना 14 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे संयंत्र की यूनिट-1 में हुई। इस यूनिट का संचालन ठेका कंपनी एनजीएसएल द्वारा किया जा रहा था। हादसे के बाद स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया गया और प्रभावित ठेका कर्मचारियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रबंधन ने बताया कि मेडिकल टीमों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर घायलों के इलाज और राहत कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। सभी प्रभावित कर्मचारियों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
संयंत्र प्रबंधन ने अपने संदेश में प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ठेका कंपनी के साथ मिलकर एक जांच समिति का गठन किया गया है।
प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













Leave a Reply