सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर रायगढ़ पुलिस का ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ शुरू, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लगाया पीपल का पौधा
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ जिलेभर के सभी थाना-चौकियों में हुआ सामूहिक वृक्षारोपण, वर्षभर चलेंगे जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम


रायगढ़, 12 जुलाई। राष्ट्र की एकता और अखंडता के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में “एकता ही शक्ति है” थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस ने “एकता वृक्षारोपण अभियान” की शुरुआत करते हुए पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का प्रेरक संदेश दिया।

इस अभियान के तहत पुलिस फायरिंग रेंज, उर्दना में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पीपल का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नीम, जामुन, सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

पौधों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पौधे के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। साथ ही मवेशियों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायरिंग रेंज परिसर के चारों ओर मेड़ भी तैयार की गई है। रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधे आज सुरक्षित और विकसित हो चुके हैं, जो इस अभियान के प्रति पुलिस विभाग की गंभीरता और निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इस वर्ष प्रथम चरण में करीब 100 पौधों का रोपण किया गया है। वहीं कई सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी अभियान से जुड़कर आगामी दिनों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करने की सहमति दी है।

विशेष बात यह रही कि यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकियों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

रायगढ़ पुलिस ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष सामाजिक और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का विस्तृत वार्षिक कैलेंडर तैयार किया है। इसके तहत एकता दौड़, एकता परेड, व्याख्यान श्रृंखला, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, श्रमदान तथा विभिन्न जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। हाल ही में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए रायगढ़ ऑडिटोरियम में दो दिवसीय जनजागरूकता प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का सफल आयोजन भी किया गया था।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस राष्ट्रीय एकता का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी का दायित्व है। प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, जिम्मेदारी और भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का जीवंत संदेश है।”
रायगढ़ पुलिस का यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि समाज में राष्ट्रीय एकता, नागरिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply