किसान, महिलाओं और युवाओं की प्रगति ही राज्य का भविष्य : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
रायगढ़, 5 सितम्बर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित विशाल कार्यक्रम में विकास की नई सौगातें दीं। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज सहित 66.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और खरसिया क्षेत्र को 20 करोड़ रुपये से अधिक की नई योजनाओं की घोषणा भी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “प्रदेश की 70 लाख महिलाओं, किसानों और युवाओं की प्रगति ही छत्तीसगढ़ का भविष्य है।”
66.84 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 20 करोड़ की घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने खरसिया को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने 66.84 करोड़ रुपये की लागत वाले रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 20 करोड़ से अधिक की नई घोषणाएँ कीं –10 करोड़ : कबीर चौक से डभरा रोड तक बाईपास सड़क निर्माण 2 करोड़ : स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल की मरम्मत व सुविधाएँ 8 करोड़ : खरसिया नगर पालिका क्षेत्र में अन्य विकास कार्यइसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए तकनीकी सर्वे कराने की भी घोषणा की।
श्रद्धेय अटल जी को नमन – प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही अटल परिसर का लोकार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ से उनका 20 वर्षों का पारिवारिक रिश्ता रहा है और प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह अटल जी के विचारों और विश्वास पत्र का परिणाम है।
महिलाओं, किसानों और मजदूरों के लिए बड़ा संबल मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया –महिलाएँ : महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की सहायता।किसान : प्रदेश में धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। दो वर्षों में 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस दिया गया है।तेंदूपत्ता संग्राहक : खरीदी मूल्य 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये किया गया।भूमिहीन कृषि मजदूर : 5.62 लाख से अधिक मजदूर परिवारों को हर वर्ष 10,000 रुपये की आर्थिक मदद।आवास : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत।उन्होंने कहा कि “मोदी जी की अधिकांश गारंटियाँ पूरी हो चुकी हैं और अटल विश्वास पत्र की हर घोषणा को पूरा किया जा रहा है।”
गांव-गांव तक डिजिटल सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग और शासकीय सेवाएँ सीधे गाँवों तक पहुँच रही हैं।अभी तक 1460 पंचायतों में सेवा केंद्र शुरू हो चुके हैं।इन केंद्रों से न सिर्फ पैसों का लेन-देन संभव है, बल्कि आय, भूमि, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाएँ भी ग्रामीणों को उनके ही गाँव में उपलब्ध हो रही हैं।रजत जयंती वर्ष के दौरान 4000 पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोलने की घोषणा की गई है।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पीएससी घोटाले की सीबीआई जाँच जारी है। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना हमारी सरकार का उद्देश्य है। सुशासन और पारदर्शिता के लिए भ्रष्टाचार के सभी रास्ते एक-एक कर बंद किए जा रहे हैं।
रेलवे ओवरब्रिज – खरसिया की बड़ी जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की पहल उन्होंने सांसद रहते हुए की थी। सभी औपचारिकताएँ पूरी होने के बाद आज भूमिपूजन संभव हो पाया है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो से तीन वर्षों में यह ओवरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा।
उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के संबोधन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। खरसिया शहर के लिए रेलवे ओवरब्रिज महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। 64.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और समय की बर्बादी से लोगों को राहत मिलेगी।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि पिछले 20 महीनों में मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की तेज़ राह पर बढ़ा है।13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस मिला।प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 18 लाख परिवारों को मुख्यमंत्री ने पहली ही कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी।रेडी-टू-ईट का कार्य पुनः महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया और इसकी शुरुआत रायगढ़ से की गई।अटल परिसर का लोकार्पण, राज्य निर्माता अटल जी को श्रद्धांजलि है।प्रधानमंत्री मोदी जी ने अयोध्या में 500 वर्षों बाद भगवान श्रीराम का मंदिर बनवाया। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना शुरू की गई है।आईटी और जीएसटी सुधारों से देशवासियों की क्रयशक्ति बढ़ी है।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे लोग
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, नगर पालिका परिषद खरसिया अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, उपाध्यक्ष अवधनारायण (बंटी) सोनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


खरसिया और आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।













Leave a Reply