खरसिया – हर साल की तरह इस बार भी नवरात्रि और दशहरा महोत्सव को लेकर खरसिया नगर पूरी तरह रंग–बिरंगा होने जा रहा है। पर्व के सफल संचालन और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष बैठक का आयोजन विश्राम गृह में किया गया।
बैठक में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने सभी प्रतिनिधियों से बेहतर सुझाव रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दशहरा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेल–मिलाप और सांस्कृतिक उत्सव का भी प्रतीक है। इसलिए मेले की तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
खरसिया नगर हर साल नवरात्रि पर दुल्हन की तरह सजता है। मीना बाजार और आकर्षक दुकानों की रौनक यहाँ की खास पहचान है। आसपास के गाँवों से हजारों लोग यहाँ पहुँचकर खरीददारी और मेला घूमने का आनंद उठाते हैं। दशहरे की रात रावण दहन के भव्य आयोजन को देखने दूर-दराज़ से लोग खींचे चले आते हैं।इस बार भी प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, बिजली, स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिलाया है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, एसडीओपी प्रभात पटेल, पुलिस चौकी प्रभारी अमित तिवारी, स्वास्थ्य विभाग से अभिषेक पटेल, विद्युत अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, दशहरा समिति, मीना बाजार संचालक, पत्रकार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
खरसिया का दशहरा मेला न सिर्फ धार्मिक उत्सव है, बल्कि यहाँ की परंपरा और पहचान भी है, जो हर बार नई ऊर्जा और उमंग के साथ नगरवासियों को एकजुट करता है।













Leave a Reply