तमनार में अवैध शराब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई : 6 आरोपियों से 399 लीटर महुआ शराब जप्त, तमनार पुलिस–साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ध्वस्त की बड़ी शराब भट्टी
रायगढ़, 16 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन और डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में तमनार पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आज 16 अक्टूबर 2025 को थाना तमनार क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। टीम ने ग्राम बुढ़िया, बागबड़ी, तिहलीरामपुर, झरना और टपरा रंगा में दबिश देकर कुल 399 लीटर महुआ शराब जब्त की और करीब 120 हंडियों में तैयार लहान (कच्ची शराब बनाने का मिश्रण) को मौके पर नष्ट किया।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट नेतृत्व, त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के ज़रिए एक बड़ी अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त कराया। पुलिस अधीक्षक से प्राप्त विशेष निर्देशों के बाद थाना प्रभारी कमला पुसाम ने क्षेत्र में सक्रिय मुखबिर तंत्र के माध्यम से कार्रवाई की पूरी योजना तैयार की थी।मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम डीएसपी साइबर सेल के मार्गदर्शन में रवाना हुई और ग्राम बागबड़ी में आरोपी उपेंद्र कुमार बेहरा (50 वर्ष) के घर दबिश दी, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण हो रहा था। मौके से 200 लीटर महुआ शराब जब्त की गई और 50 हंडियों में रखा लहान नष्ट किया गया। वहीं सुरेंद्र कुमार बेहरा (54 वर्ष) के घर से 150 लीटर शराब और 70 हंडियों में रखा लहान जब्त कर नष्ट किया गया। दोनों आरोपी आसपास के गांवों में शराब सप्लाई करते थे।
इसके बाद पुलिस टीम ने क्रमवार कार्रवाई करते हुएग्राम तिहलीरामपुर से समार तिर्की (35 वर्ष) से 20 लीटर,ग्राम झरना से दिनेश खड़िया (32 वर्ष) से 2 लीटर,ग्राम बुढ़िया से आनंद कुमार सबर (41 वर्ष) से 16 लीटर,तथा प्रहलाद सिडार (31 वर्ष) से 11 लीटर महुआ शराब जब्त की।सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
इस अभियान में थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर के साथ प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, बनारसी सिदार, देवप्रसाद राठिया, अनूप कुजूर, उषारानी तिर्की, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार, शशि उरांव तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, बृजलाल गुर्जर, आरक्षक महेश पंडा, प्रशांत पंडा, सुरेश सिदार, विकास प्रधान, विक्रम कुजूर, पुष्पेंद्र जाटवर और रविंद्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी त्योहारी सीजन में ऐसे अवैध कारोबारियों पर कड़ी और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।


तमनार पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जब टीमवर्क, नेतृत्व और निष्ठा एक साथ हों, तो अवैधता कहीं नहीं टिक सकती।















Leave a Reply