बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्यवाही — नायब तहसीलदार सीपत ₹50,000 रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

📰 बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्यवाही — नायब तहसीलदार सीपत ₹50,000 रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। आज दिनांक 10 नवम्बर 2025 को एसीबी इकाई बिलासपुर ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को ₹50,000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता के निधन के बाद लगभग 21 एकड़ कृषि भूमि में नामांतरण (फौती दर्ज) के लिए वह तहसील कार्यालय गया था। वहां नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे द्वारा नाम दर्ज कराने के एवज में ₹1,50,000 की रिश्वत की मांग की गई थी।

प्रार्थी द्वारा रिश्वत न देने की ठानते हुए एसीबी से संपर्क किया गया। सत्यापन के दौरान नायब तहसीलदार द्वारा ₹1,20,000 में सौदा तय किया गया। इसके बाद एसीबी ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप की कार्रवाई तय की।

आज, 10 नवम्बर को प्रार्थी प्रवीण पाटनवार को पहले किश्त के ₹50,000 देने के लिए भेजा गया। जैसे ही आरोपी नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे ने यह राशि एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस में ली, आसपास पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ धर दबोचा।

मौके से ₹50,000 की रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि एसीबी द्वारा ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा — “जनता से अपील है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत एसीबी बिलासपुर से संपर्क करें।”

शिकायत हेतु संपर्क करें:
📞 मोबाइल: 9926111932
☎️ फोन: 07752-250362

गौरतलब है कि पिछले डेढ़ वर्ष में यह एसीबी बिलासपुर की 37वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है, जो विभाग की सक्रियता और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

➡️ भ्रष्टाचार पर एसीबी का वार जारी है — बेईमानों के लिए अब नहीं बचा कोई रास्ता!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!