राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह एवं महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का रायगढ़ में भव्य शुभारंभ

👇राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह एवं महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का रायगढ़ में भव्य शुभारंभ

रायगढ़, 1 जनवरी 2026।जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह एवं महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने संयुक्त रूप से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना है। वहीं राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी सुरक्षा, पुलिस सहायता, डिजिटल सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परामर्श सेवाओं, कौशल विकास एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिला तेजी से औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की ओर अग्रसर है, जिसके कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करने तथा मोबाइल फोन के प्रयोग के कारण होती हैं। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि गोल्डन ऑवर में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।

साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया।कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके सकारात्मक परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। महिला सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि महिला समाज की रीढ़ है और जब महिला सुरक्षित होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सुरक्षित होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की सर्वाधिक संख्या दोपहिया वाहन चालकों की रही है। इसके प्रमुख कारण तेज गति, बिना हेलमेट वाहन चलाना एवं लापरवाही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने बताया कि रायगढ़ में महिला थाना की स्थापना महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां महिलाएं बिना संकोच अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करेगी।

कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ सीएसपी मयंक मिश्रा ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने सुरक्षित ड्राइविंग, गति सीमा के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क संकेतों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।समापन अवसर पर राहवीर योजना के अंतर्गत गोल्डन ऑवर में सड़क दुर्घटना के घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले चंद्रकुमार पटेल, कमलेश सिदार, हरिशंकर साव, दिलीप वैष्णव एवं विशीकेशन राठिया को सम्मानित किया गया। वहीं महिला सुरक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जस्सी फिलिप, शिला देवी, पद्मावती पटेल, लक्ष्मी राठिया एवं उमा डनसेना को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही ऑटो चालकों को पर्सनल आईडी एवं विशेष सीरियल नंबर उपलब्ध कराने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को रोकने और घायलों को गोल्डन ऑवर में समय पर उपचार दिलाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा राहवीर योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत दुर्घटनास्थल से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, डॉ. प्रियंका वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात उत्तम प्रताप सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!