खरसिया में अवैध कब्जों की बाढ़: नगर की सुंदरता पर संकट, नागरिकों में आक्रोश

खरसिया में अवैध कब्जों की बाढ़: नगर की सुंदरता पर संकट, नागरिकों में आक्रोश

खरसिया — नगर के मुख्य क्षेत्र स्टेशन चौक से लेकर मंगल बाजार तक लगातार बढ़ते अवैध कब्जों ने न केवल नगर की सुंदरता को बिगाड़ा है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को भी प्रभावित किया है। नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति पहले जब सब्ज़ी मंडी तोड़ी गई थी, उससे कहीं ज्यादा भयावह हो चुकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक स्थानों पर हो रहे इन कब्जों को लेकर नगर प्रशासन पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जहां नगर पालिका द्वारा फुटपाथ का निर्माण कराया गया था, वहां अब अस्थायी दुकानें खोल दी गई हैं। इसके अलावा, कई दुकानदारों ने ट्रिपाल और बांस लगाकर सड़क किनारे की जमीन भी घेर ली है, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी संकट उत्पन्न हो गया है।

खासकर त्योहारी सीजन में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आरोप है कि कुछ लोग इन अवैध रूप से कब्जाई गई जगहों को किराए पर देकर दूसरों से पैसे वसूलते हैं। यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि नगर की छवि को भी धूमिल करता है।

स्थानीय जनता का यह भी कहना है कि खरसिया का सौंदर्यकरण जिस उद्देश्य से आरंभ किया गया था, वह अब एक काले अध्याय में बदलता जा रहा है। नगर की गलियों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जो अतिक्रमण फैला है, वह न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की ओर भी इशारा करता है।

नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी से निवेदन किया गया है  कि इस पर शीघ्रता से विशेष संज्ञान लें और अविलंब प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटवाएं। यह जनहित में एक आवश्यक कदम होगा, जिससे न केवल नगर की सुंदरता पुनः बहाल हो सकेगी बल्कि नागरिकों को राहत भी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!