11 राज्यों में साइबर ठगी फैलाने वाला गिरोह फरसगांव पुलिस के शिकंजे में, 1.70 करोड़ की धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड गिरफ्तार



11 राज्यों में साइबर ठगी फैलाने वाला गिरोह फरसगांव पुलिस के शिकंजे में, 1.70 करोड़ की धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड गिरफ्तार

कोंडागांव | 2 जुलाई 2025

थाना फरसगांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 राज्यों में दर्ज 17 मामलों में फरार 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर फ्रॉड से जुड़े करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये के घोटाले में लिप्त इस गिरोह को पुलिस ने बिलासपुर और प्रयागराज से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। इस कार्रवाई में कोंडागांव पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार (भा.पु.से.) व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल का मार्गदर्शन निर्णायक रहा।




जालसाज़ी का नेटवर्क और धोखाधड़ी का मॉडल

गिरोह ने देशभर में फर्जी बैंक खातों (म्यूल एकाउंट्स) के जरिए ठगी को अंजाम दिया। लेयर 1 से लेकर लेयर 4 तक में बंटे अपराधियों ने पैसों के लालच में खाताधारकों से उनके डेबिट कार्ड, पासबुक, पिन, सिम आदि हथियाकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया।

इन खातों का उपयोग सेक्सटॉर्शन, ऑनलाइन सट्टा, ट्रेडिंग स्कैम जैसी अवैध गतिविधियों में किया जाता था। फरसगांव पुलिस को इस मामले में लेयर 3 और लेयर 4 तक पहुंच कर मास्टरमाइंड्स को पकड़ने में सफलता मिली है।




शिकंजे में आए आरोपी

1. जे. सुघाकर पटनायक – दुर्ग निवासी


2. रवि साहू – दुर्ग निवासी


3. दुर्गेश कुमार सोनी – दुर्ग निवासी


4. चंदन कुमार विश्वकर्मा – भिलाई निवासी


5. प्रभाकर राय – बोरगांव, फरसगांव निवासी



इन आरोपियों के पास से कई महंगे मोबाइल फोन, नकदी, और दर्जनों एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 34 अन्य खातों की पहचान की गई है जिनमें ₹9.39 लाख की राशि फिलहाल होल्ड की गई है।




आरोपियों की गिरफ्तारी में ऑपरेशन जैसे हालात

प्रभाकर राय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को जब उसके साथियों की लोकेशन बिलासपुर व भिलाई में मिली, तो टीम ने तत्काल दबिश दी। लेकिन आरोपी भागकर रायपुर से फ्लाइट द्वारा प्रयागराज निकल गए। तत्परता दिखाते हुए प्रयागराज एयरपोर्ट पर स्थानीय पुलिस व CISF की मदद से चारों आरोपियों को एयरपोर्ट पर ही धर दबोचा गया।




टीम की मेहनत लाई रंग

इस अभूतपूर्व ऑपरेशन में थाना प्रभारी संजय सिन्दे, सउनि रजउ राम सूर्यावंशी, सायबर सेल के परमेश्वर साहू, संतोष कोडोपी, मनोज पोयाम, तकनीकी विश्लेषक लोमेन्द्र भंडारी सहित कई पुलिसकर्मियों की साहसिक और सतर्क भूमिका रही।

कोंडागांव पुलिस अब संबंधित 11 राज्यों की पुलिस के साथ साझा कर रही है ताकि अन्य मामलों में भी कार्रवाई आगे बढ़ सके।




साइबर अपराधियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का बड़ा वार

यह कार्रवाई साइबर अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ी जीत के रूप में देखी जा रही है। पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देश के तहत चलाए गए इस अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि साइबर ठग कितने भी शातिर क्यों न हों, छत्तीसगढ़ पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!